Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हरिद्वार, 07 मार्च (हि.स.)। जनपद के कोतवाली खानपुर क्षेत्र में ड्यूटी खत्म होने के बाद लापता हुए एक व्यक्ति को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज एक घंटे के भीतर तलाश कर परिवार को सौंप दिया है। सकुशल बरामदगी के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली और हरिद्वार पुलिस का आभार जताया।
जानकारी के अनुसार 6 मार्च की देर रात ग्राम मोहम्मदपुर निवासी हर्षित चौकी गोवर्धनपुर पहुंचा और पुलिस को सूचना दी कि उसके पिता प्रमोद (45 वर्ष) सुबह लक्सर स्थित शुगर मिल में काम करने गए थे। शाम करीब 6 बजे ड्यूटी समाप्त होने के बाद से उनका कोई पता नहीं चल पा रहा था। परिजनों ने आसपास के कई स्थानों पर तलाश की,लेकिन उनका कहीं कोई सुराग नहीं मिला।
हर्षित ने पुलिस को यह भी बताया कि उसके पिता पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे हैं और दवाइयां ले रहे हैं, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली खानपुर पुलिस ने तत्काल खोजबीन शुरू की। पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के साथ-साथ मैनुअल पुलिसिंग के जरिए इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया। करीब एक घंटे की मेहनत के बाद पुलिस को प्रमोद करनपुर रोड स्थित एक खेत में बेहोशी की हालत में मिले। पुलिस ने तुरंत उन्हें प्राथमिक उपचार दिलाया। होश में आने के बाद प्रमोद को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला