Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


दमोह, 06 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह शहर में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां कक्षा दसवीं की परीक्षा देकर केंद्र से बाहर निकले एक छात्र पर चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल छात्र की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई, जबकि पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ऋषि अहिरवार कक्षा दसवीं का छात्र था और नगरीय क्षेत्र से लगे ग्राम ईमलाई के शासकीय विद्यालय में पढ़ाई करता था। उसका परीक्षा केंद्र मांगज वार्ड स्थित ओजस्वनी स्कूल में बनाया गया था। शुक्रवार को परीक्षा समाप्त होने के बाद जैसे ही वह स्कूल से बाहर निकला, उसी दौरान बाहर मौजूद कुछ छात्रों के साथ उसका विवाद हो गया।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान एक छात्र ने ऋषि अहिरवार पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल दमोह पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आईसीयू में भर्ती किया, लेकिन अधिक रक्तस्राव के कारण उसकी हालत बिगड़ती गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं घटना को लेकर क्षेत्र में भी लोगों में आक्रोश देखा गया।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पांडे ने बताया कि घायल छात्र से प्रारंभिक जानकारी लेने के साथ ही आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है तथा आरोपी छात्र की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। घटना के बाद स्कूल परिसर और आसपास के इलाके में पुलिस सतर्कता भी बढ़ा दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव