Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

राजगढ़, 06 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान की समीक्षा शुक्रवार को कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने की। बैठक में विभिन्न ब्लॉकों में वितरित किए गए सहमति पत्रों की प्रगति की जानकारी ली गई।
समीक्षा के दौरान जीरापुर और खिलचीपुर ब्लॉक में अभियान की प्रगति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित एसडीएम को निर्देश दिए कि अभियान के प्रति गंभीरता दिखाते हुए व्यापक जनजागरूकता और मोबिलाइजेशन किया जाए तथा कमजोर प्रगति के कारणों की भी जानकारी प्रस्तुत की जाए। इसी प्रकार नरसिंहगढ़ ब्लॉक में टीकाकरण के लिए प्रभावी कार्ययोजना नहीं बनाए जाने पर कलेक्टर ने संबंधित एसडीएम के प्रति असंतोष व्यक्त किया।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने बीएमओ, सीडीपीओ और जनपद पंचायत के सीईओ को निर्देशित किया कि वे घर-घर जाकर बालिकाओं के अभिभावकों को एचपीवी टीकाकरण के महत्व के बारे में जागरूक करें। उन्होंने कहा कि यह टीका बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसे गंभीर रोग से बचाने में अत्यंत प्रभावी है और एक महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच प्रदान करता है।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि सहमति पत्रों का वितरण मैदानी स्तर पर सुनिश्चित किया जाए तथा रविवार के दिन नियमित रूप से टीकाकरण किया जाए। साथ ही शिक्षा विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर कक्षा आठवीं से दसवीं तक की परीक्षाओं के दौरान स्कूलों में शिविर लगाकर मिशन मोड में टीकाकरण कार्य पूरा किया जाए।
बैठक में जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्पित गुप्ता, सीएचएमओ डॉ. शोभा पटेल, महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्यामबाबू खरे, एसडीएम, सीडीपीओ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक