Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सहरसा, 06 मार्च (हि.स.)। जिलांतर्गत कौशिकी जीविका शिक्षण प्रशिक्षण केंद्र सुलिंदाबाद में शुक्रवार को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से जिले के सभी प्रखंड परियोजना प्रबंधक एवं संकुल संघ समन्वयकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक सह कार्यशाला का आयोजन किया गया।
जिला परियोजना प्रबंधक श्लोक कुमार ने बताया कि इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत द्वितीय किस्त के भुगतान,पात्रता मानदंड एवं समय-सीमा के अनुरूप कार्यान्वयन सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत लाभार्थी दीदियों को द्वितीय किस्त की राशि प्राप्त करने के लिए निर्धारित पात्रता एवं योग्यता मानकों को पूरा करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने बैठक में योजना से संबंधित जारी दिशा-निर्देशों के आधार पर विस्तृत जानकारी साझा करते हुए बताया कि द्वितीय किस्त की राशि चरणबद्ध तरीके से प्रदान की जाएगी तथा इसके लिए आवश्यक दस्तावेजीकरण की प्रक्रिया भी निर्धारित की गई है। उन्होंने सभी प्रखंड एवं संकुल स्तरीय परियोजना कर्मियों को निर्देश दिया कि वे निर्धारित समय-सीमा एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य पूर्ण करें, ताकि योजना के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की प्रशासनिक देरी न हो।उन्होंने यह भी कहा कि इस योजना का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता प्रदान करना नहीं, बल्कि जीविका से जुड़ी दीदियों को स्थायी एवं सफल रोजगार स्थापित करने के लिए सक्षम बनाना है।
उन्होंने जानकारी दी कि जिले में अब तक लगभग चार लाख दस हजार से अधिक दीदियों को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत प्रथम किस्त की राशि प्रदान की जा चुकी है। अब अगला लक्ष्य सभी पात्र लाभार्थी दीदियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप द्वितीय किस्त का भुगतान सुनिश्चित करना है।
हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार