Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 06 मार्च (हि.स.)। द्वारका जिले के उत्तम नगर इलाके में होली के दिन दो समुदाय के बीच हुई झड़प में तरुण नाम के युवक की हत्या के बाद इलाके में अर्धसैनिक बलों और पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। इस घटना के बाद से इलाके में तनाव है। शुक्रवार को आक्रोशित लोगों ने आरोपितों के घर के बाहर खड़ी एक कार को आग के हवाले कर दिया। बीती रात इसी जगह पर तीन गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई थी। उन्हीं में से एक कार को आग लगाई गई। उधर, पुलिस ने इस बाबत हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, एक नाबालिग को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस पकड़े गए आरोपितों से पूछताछ कर वारदात में शामिल अन्य आरोपितों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस अन्य आरोपितों की पहचान के लिए वायरल हो रही वीडियो और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
सूत्रों ने बताया कि एक हिंदू राजनीतिक संगठन के सदस्यों ने भी पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है, जिसमें तरुण (26) की मौत और पीड़ित परिवार पर हुए कथित हमले में शामिल सभी आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की गई है।
बुधवार को उत्तम नगर के जेजे कॉलोनी इलाके में होली के जश्न के दौरान अलग अलग समुदाय के दो परिवारों के बीच हिंसा हुई थी। शुरुआती जांच के बाद पुलिस को पता चला कि विवाद एक गुब्बारे से रंगीन पानी के छींटे पड़ने के बाद शुरू हुआ। इसके बाद दोनों परिवारों के सदस्यों के बीच तीखी बहस हो गई। झड़प में तरुण गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि छत पर होली खेल रही 11 वर्षीय बच्ची ने नीचे अपने रिश्तेदारों पर पानी का गुब्बारा फेंका था, लेकिन वह सड़क पर गिरकर फूट गया, जिससे दूसरे परिवार की एक महिला पर रंग के छींटे आ गईं। झड़प में घायल हुए तरुण के दादा मान सिंह ने आरोप लगाया कि महिला ने उन्हें अपशब्द कहे और जल्द ही अपने परिवार के कई सदस्यों को इकट्ठा कर लिया, जिन्होंने कथित तौर पर होली खेल रहे लोगों पर हमला कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि शुरू में झगड़ा शांत होतो दिखा, लेकिन बाद में आरोपितों ने तरुण पर हमला कर लिया।
आरोप है कि तरुण अपने दोस्तों के साथ होली खेलकर घर लौट रहा था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने उस पर हमला किया। उसे बेरहमी से पीटा और जब वह सड़क पर गिर गया तो उसके सीने पर एक बड़े पत्थर से हमला किया। तरुण के चाचा रमेश ने बताया कि तरुण पहले हुए विवाद से अनजान था और जब उसने गली में प्रवेश किया तो लाठी, डंडे और पत्थरों से लैस आठ से दस लोगों उस पर हमला कर दिया।
वहीं, घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए उत्तम नगर थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ लोग हिंसक हो गए। उन्होंने इलाके में खड़े कुछ वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया। प्रदर्शनकारियों ने दूसरे पक्ष से भिड़ने की कोशिश भी की। हालांकि सुरक्षाकर्मियों ने हस्तक्षेप कर भीड़ को तितर-बितर कर दिया। इलाके में सुरक्षाबल तैनात किया गया है। पुलिस आगे मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी