Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पौड़ी गढ़वाल, 06 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड जल संस्थान के संविदा श्रमिक कर्मचारियों की पुनर्बहाली की मांग को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) 10 मार्च को जिला मुख्यालय स्थित डीएम कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करेगा। दल ने सभी कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में धरना कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की है।
यूकेडी के जिलाध्यक्ष अर्जुन नेगी ने बताया कि उत्तराखंड जल संस्थान संविदा श्रमिक कर्मचारी संघ पिछले 10 वर्षों से अधिक समय से कार्यरत कर्मचारियों को विभागीय नियुक्ति देने, समान कार्य के लिए समान वेतन लागू करने और श्रीनगर के श्रीकोट स्थित शक्ति विहार से बिना नोटिस हटाए गए 36 कर्मचारियों की पुनर्बहाली की मांग कर रहा है।उन्होंने बताया कि इन मांगों को लेकर संविदा कर्मचारी देहरादून से लेकर पौड़ी तक कई बार धरना-प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जल संस्थान और उत्तराखंड जल निगम में लंबे समय से ठेका प्रथा के तहत सेवाएं देने के बावजूद कर्मचारियों की मांगों की अनदेखी की जा रही है।
अर्जुन नेगी ने कहा कि यूकेडी शुरू से ही इन कर्मचारियों की लड़ाई लड़ रही है। कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर 10 मार्च को डीएम कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह