Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 06 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को सिविल सेवा परीक्षा 2025 में सफल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने संदेश में कहा, “सिविल सेवा परीक्षा 2025 में सफल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को बधाई। उनकी समर्पण भावना, दृढ़ता और कड़ी मेहनत ने उन्हें इस महत्वपूर्ण उपलब्धि तक पहुंचाया है।”
उन्होंने कहा कि देश की सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ते हुए ये युवा राष्ट्र के विकास और लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
प्रधानमंत्री ने एक अन्य पोस्ट में उन अभ्यर्थियों का भी हौसला बढ़ाया जो इस बार अपेक्षित परिणाम हासिल नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि ऐसे क्षण कठिन हो सकते हैं, लेकिन यह यात्रा का केवल एक पड़ाव है और आगे अनेक अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
उल्लेखनीय है कि संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने शुक्रवार को सिविल सेवा (मुख्य) परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम घोषित किया। लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के बाद कुल 958 अभ्यर्थियों को विभिन्न केंद्रीय सेवाओं में नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार