Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हमीरपुर, 06 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के राठ कस्बा निवासी डॉ. यशवर्धन सिंह का यूपीएससी सिविल सर्विस परीक्षा 2025 में ऑल इंडिया रैंक 212 के साथ चयन हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गौरव का माहौल है।
डॉ. यशवर्धन सिंह, डा. सुरेन्द्र सिंह प्राचार्य, ब्रह्मानंद महाविद्यालय राठ के सुपुत्र हैं। वे बुंदेली के सुप्रसिद्ध महाकवि स्व. डॉ. हरगोविंद सिंह के प्रपौत्र भी हैं। डॉ. यशवर्धन सिंह ने किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी लखनऊ से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की है। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने सिविल सेवा की तैयारी शुरू कर दी थी। गौरतलब है कि इससे पहले भी वह यूपीएससी सिविल सर्विस परीक्षा में 728वीं और 571वीं रैंक के साथ सफल हो चुके हैं। उनका पहला चयन एमबीबीएस इंटर्नशिप के दौरान हुआ था। इसके बाद से उन्होंने लगातार मेहनत जारी रखी और हर बार प्री व मेंस परीक्षा उत्तीर्ण करते हुए लगातार चार बार सिविल सर्विस इंटरव्यू तक पहुंचे। डॉ. यशवर्धन सिंह की शैक्षणिक उपलब्धियां भी बेहद शानदार रही हैं। उन्होंने नीट 2017 में ऑल इंडिया रैंक 525 (जनरल कैटेगरी) एम्स परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 721 जिपमर परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 271 प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। उनकी इस सफलता पर राठ नगर सहित पूरे जनपद में खुशी की लहर है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा