Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

—वाराणसी पहुंचे बागेश्वरधाम पीठाधीश्वर ,बाबा विश्वनाथ के दरबार में लगाई हाजिरी
वाराणसी, 06 मार्च (हि.स.)। बागेश्वरधाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री शुक्रवार को वाराणसी पहुंचे। अस्सी क्षेत्र स्थित मछलीबंदर मठ में उनके आगमन पर संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मठ पहुंचने से पूर्व उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन कर बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर में विधि-विधान से पूजा करने के बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि काशी आना उनके लिए हमेशा विशेष और आध्यात्मिक अनुभव रहता है।
उन्होंने कहा कि काशी भगवान शिव की नगरी है और यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा पूरे देश को प्रेरित करती है। उन्होंने यह भी बताया कि वह आगामी एक महीने तक एकांतवास में रहेंगे। गौ-रक्षा और गाय को ‘राज्य माता’ का दर्जा देने की मांग को लेकर ज्योतिष्पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन का भी उन्होंने समर्थन किया। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि जो संत गौ माता, गीता और सनातन धर्म के संरक्षण की बात करते हैं, वह उनके साथ खड़े हैं।
अंतरराष्ट्रीय मुद्दों ईरान पर अमेरिका और इजरायल के बढ़ते संघर्ष पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि विश्व में बढ़ते तनाव और संघर्ष के बीच पूरे विश्व में भारत और भारत की सनातन संस्कृति ही है जो सही रास्ता दिखा सकती है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि ट्रंप भरोसेमंद नहीं हैं, क्योंकि उनके बयान अक्सर बदलते रहते हैं। ट्रंप इसलिए भरोसेमंद नहीं है क्योंकि वह शाम को कुछ और बोलते हैं और सुबह कुछ और, ऐसे इंसान पर कभी भी भरोसा नहीं किया जा सकता। जिस तरह से उन्होंने अपने अधिकार का गलत उपयोग करके टैरिफ वार शुरू किया, उससे उनकी कार्य प्रणाली दिखती है कि वह दुनिया में अशांति फैलाना चाहते हैं। टी—20 विश्वकप क्रिकेट के फाइनल में भारतीय टीम के पहुंचने पर बागेश्वरधाम ने पूरी टीम को बधाई दी और खिलाड़ियों के उज्ज्वल प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने विश्वास जताया कि भारतीय टीम निश्चित रूप से जीत हासिल करेगी और देश का नाम रोशन करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी