संघ परिवार के होली स्नेह मिलन समारोह में दिखी काशी की लोक परंपरा की झलक
- होली का पर्व आनंद का पल है, बनारस में भी एक धाम बनेगा : केशव प्रसाद मौर्य वाराणसी, 06 मार्च(हि. स.)। वाराणसी के महमूरगंज क्षेत्र के निवेदिता बालिका विद्यालय के प्रांगण में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के काशी विभाग की ओर से आयोजित होली स्नेह मिलन सम
मंच पर बैठे केशव प्रसाद मौर्य


- होली का पर्व आनंद का पल है, बनारस में भी एक धाम बनेगा : केशव प्रसाद मौर्य

वाराणसी, 06 मार्च(हि. स.)। वाराणसी के महमूरगंज क्षेत्र के निवेदिता बालिका विद्यालय के प्रांगण में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के काशी विभाग की ओर से आयोजित होली स्नेह मिलन समारोह में काशी की लोक परंपरा की झलक दिखलाई पड़ी। लोक परंपरा के गीतों से सजे मंच पर गीतों की प्रस्तुति गायिका तनुश्री की प्रस्तुति से हुई और इसे गायिका सरोज वर्मा ने आगे बढ़ाया। गायिका सरोज वर्मा ने बम भोला गीत गाकर सभी श्रोताओं का मन मोह लिया। इसके बाद लोक गीत पर पारुल सिंह और उनकी टोली की बालिकाओं ने नृत्य की प्रस्तुति दी और श्रोताओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर लिया। तदोपरांत राधिका मिश्र ने अपनी प्रस्तुति दी।

इसके बाद संघ के क्षेत्र कार्यवाह वीरेंद्र जायसवाल ने कहा कि होली के बाद ही अपना नया वर्ष शुरू होता है। वहीं वर्ष प्रतिपदा का अवसर पंद्रह दिन के बाद आता है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने होली समारोह के श्रोताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में होली के पर्व पर उपस्थित हूँ। मैं स्वयंसेवक हूँ। होली के अवसर पर फाग गाया जाता है, ब्रज के होली की चर्चा होती है। इसके बाद अयोध्या में प्रभु राम की होली और काशी में होली के गीतों का आनंद है। होली का त्यौहार ऐसा है, होली में सभी रंग और दिल आपस में मिल जाते हैं। काशी में जो होता है, वह देश के लिए आदेश होता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है काशी। होली में कोई दंगा नहीं हुआ है, यूपी में हाेली सकुशल सम्पन्न हो चुकी है। भारत में वंदे मातरम का शासनादेश हो गया है। आगे, काशी में धाम बनेगा, एक विवाद खत्म हो जाएगा। मथुरा में भी विवाद समाप्त होगा।

होली समारोह में मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पूरे समय उपस्थित रहे। साथ में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रविन्द्र जायसवाल, विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र कार्यवाह वीरेंद्र जायसवाल, प्रांत प्रचारक रमेश, विभाग संघचालक जेपी लाल, विभाग प्रचारक नितिन सहित विभाग कार्यवाह, सह विभाग कार्यवाह, तीनों भागों के कार्यवाह और बड़ी संख्या में संघ परिवार के कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।

हिन्दुस्थान समाचार / शरद