आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस आयुक्त से मिले सपा नेता और ग्रामीण
प्रयागराज, 06 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के होलागढ़ थाना क्षेत्र के कस्तूरीपुर गांव में चार मार्च को हुई गोलीबारी की घटना के बाद घायल के परिजन और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। परिजनों ने आज पुलिस आयुक्त जोगेन्द्र कुमार सि
पुलिस उपायुक्त प्रयागराज  कार्यालय के बाहर सपा नेताओं एवं ग्रामीणों का छाया चित्र


पुलिस आयुक्त से मिले सपा नेता एवं ग्रामीणों का छाया चित्र


प्रयागराज, 06 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के होलागढ़ थाना क्षेत्र के कस्तूरीपुर गांव में चार मार्च को हुई गोलीबारी की घटना के बाद घायल के परिजन और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। परिजनों ने आज पुलिस आयुक्त जोगेन्द्र कुमार सिंह से मिलकर न्याय और सुरक्षा मांगी।

समाजवादी पार्टी के नेताओं के साथ ग्रामीणों ने शुक्रवार को पुलिस आयुक्त जोगेन्द्र कुमार सिंह से मुलाकात कर आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार की सुरक्षा की मांग की। गोलीबारी में घायल राम आसरे यादव के भाई राम कैलाश यादव की ओर से पुलिस आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया कि घटना में नामजद लोग मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं और ऐसा न करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।

सपा नेताओं का कहना था कि घटना में शामिल रोहित पाण्डेय पर विभिन्न आपराधिक धाराओं में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह क्षेत्र में लोगों को धमकाने का काम करता है। पुलिस आयुक्त से मिलने वालों में सपा एमएलसी डॉ. मानसिंह यादव, विधायक गीता पासी, जिलाध्यक्ष अनिल यादव, संदीप यादव, दान बहादुर मधुर, किशन यादव, रूपनाथ एडवोकेट, दयाशंकर पासी, मनोज समेत सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण महिलाएं और पुरुष शामिल रहे।

पुलिस आयुक्त प्रयागराज जोगेन्द्र कुमार सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। इस मामले में एक की गिरफ्तारी की गई और अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पीड़ित परिवार की सुरक्षा का भी ध्यान रखा जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल