Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मीरजापुर, 06 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मीरजापुर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र स्थित राजगढ़ गांव में मछली पकड़ने गए एक अधेड़ की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
राजगढ़ गांव निवासी 57 वर्षीय सोमारू बिंद गुरुवार शाम करीब चार बजे घर से मछली पकड़ने के लिए निकले थे। गांव के बाहर मनरेगा योजना के तहत ग्राम पंचायत द्वारा बनाए गए पोखरे पर मछली पकड़ते समय उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चले गए। पानी अधिक होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सके और डूबने से उनकी मौत हो गई।
देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन कोई पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह कुछ बच्चे शौच के लिए पोखरे की ओर गए तो भीटे पर चप्पल और गमछा पड़ा देखा। इसकी जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पानी में उतरकर खोजबीन शुरू की। कुछ देर बाद पोखरे से शव बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के पुत्र विवेक की तहरीर पर पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि मछली पकड़ने के दौरान पोखरे में डूबने से अधेड़ की मौत हुई है, मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार