Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सूरजपुर, 06 मार्च (हि.स.)। जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में लटोरी चौकी पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान करीब चार लाख रुपये कीमत का आठ किलो गांजा बरामद कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। तस्करी में प्रयुक्त टाटा सफारी वाहन को भी जब्त किया गया है, जबकि दो आरोपित मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
डीआईजी व एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा वाहनों की प्रभावी चेकिंग करने के निर्देश दिए थे।
इसी के तहत 3 मार्च 2026 को चौकी लटोरी पुलिस मेन रोड लटोरी में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान अंबिकापुर की ओर से आ रही टाटा सफारी वाहन क्रमांक सीजी 15 ईजी 4455 को पुलिस चेकिंग देखते ही चालक ने चेकिंग स्थल से लगभग 50 मीटर पहले रोककर वाहन मोड़ने का प्रयास किया, जिससे संदेह होने पर पुलिस ने घेराबंदी की।
घेराबंदी के दौरान वाहन में सवार दो व्यक्ति मौके से भागने में सफल हो गए, जबकि पुलिस ने जीवधन पैंकरा (28 वर्ष) निवासी सोनगरा, सुरेन्द्र कुमार लास्कर (20 वर्ष) और ललित यादव (21 वर्ष) निवासी ग्राम बरौधी थाना भटगांव को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से आठ किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने गांजा और परिवहन में प्रयुक्त सफारी वाहन को जब्त कर आरोपिताें के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। फरार दो आरोपिताें की तलाश के लिए पुलिस द्वारा पतासाजी की जा रही है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी लटोरी अरुण गुप्ता, एएसआई मानिकदास, प्रधान आरक्षक दिलेश्वर सिंह, आरक्षक विकास मिश्रा, संतोष जायसवाल, शोभनाथ कुशवाहा, इस्तियाक अहमद, देवकीनंदन खुटिया, कैलू राजवाड़े, सुनील एक्का तथा सैनिक तामेश्वर राजवाड़े की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय