Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

अजमेर, 6 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर लघु उद्योग भारती महिला इकाई, अजमेर द्वारा 7 मार्च को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम “क्वीन ऑफ एंटरप्राइज” थीम पर आधारित होगा, जिसका उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भरता, उद्यमिता और नेतृत्व के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम का आयोजन 7 मार्च को सायं 3:30 बजे, वेगा मॉल, अजमेर में किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली अग्रणी एवं प्रेरणादायी महिलाओं का सम्मान (फेलिसिटेशन) किया जाएगा। इसके साथ ही महिलाओं के लिए सरकारी योजनाओं, सब्सिडी और उद्यमिता से जुड़ी संभावनाओं पर एक विशेष जानकारीपरक सत्र भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें विशेषज्ञों द्वारा महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के बारे में मार्गदर्शन दिया जाएगा।
लघु उद्योग भारती महिला इकाई, अजमेर की ओर से यह संदेश दिया गया है कि आज के समय में महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता से नई पहचान बना रही हैं। इसी उद्देश्य से यह कार्यक्रम महिलाओं को प्रेरित करने, जागरूक बनाने और आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने के लिए आयोजित किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम में उद्यमी, पेशेवर, शिक्षिका, सामाजिक कार्यकर्ता, विद्यार्थी, गृहिणी सहित सभी क्षेत्रों की महिलाएं भाग ले सकती हैं। आयोजकों ने विशेष रूप से गृहिणियों से भी कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया है ताकि वे भी सरकारी योजनाओं और नए अवसरों की जानकारी प्राप्त कर सकें तथा आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ा सकें।
लघु उद्योग भारती महिला इकाई, अजमेर ने शहर की सभी महिलाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर इस प्रेरणादायी पहल का हिस्सा बनें और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष