Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जम्मू, 06 मार्च (हि.स.)। जम्मू के माजीन क्षेत्र में स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में शुक्रवार को भगवान वेंकटेश्वर के विशेष अभिषेक का आयोजन किया गया जिसमें भाजपा के आपदा प्रबंधन एवं राहत विभाग के सह-संयोजक पुष्पिंदर सिंह चाढ़क सहित कई गणमान्य लोगों ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया और देश की सुख-समृद्धि तथा शांति के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर राजिंदर कुमार, संजीव कुमार, कविता, राजकुमार खजूरिया, पटवारी दीपक शर्मा तथा मंदिर निरीक्षक साई कृष्णा भी उपस्थित रहे। मंदिर प्रशासन द्वारा सभी अतिथियों का सम्मान भगवान वेंकटेश्वर की तस्वीर भेंट कर किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं को बताया गया कि हर शुक्रवार को भगवान वेंकटेश्वर का विशेष अभिषेक किया जाता है जिसमें बड़ी संख्या में भक्त भाग लेते हैं। इस अवसर पर बोलते हुए पुष्पिंदर सिंह चाढ़क ने कहा कि जम्मू में तिरुपति बालाजी मंदिर की स्थापना होना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि इस मंदिर के माध्यम से लोगों को दक्षिण भारत की समृद्ध धार्मिक संस्कृति के दर्शन भी होते हैं, जो आध्यात्मिक रूप से बेहद आनंददायक अनुभव है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे मंदिर में आकर भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन करें और आशीर्वाद प्राप्त करें। चरक ने कहा कि इस मंदिर के कारण जम्मू में आध्यात्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और दूर-दूर से श्रद्धालु यहां पहुंचेंगे। इस अवसर पर स्वामी गौतम जी, स्वामी नीरज जी, अनुराग स्वामी, गोपाल शर्मा, रवि तेजा और चंदन जी सहित अन्य श्रद्धालु भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम श्रद्धा और भक्ति के माहौल में संपन्न हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा