शेरवा के शुभम सिंह चंदेल ने यूपीएससी में हासिल की 378वीं रैंक, क्षेत्र में खुशी की लहर
जौनपुर,06 मार्च (हि.स.)। यूपी के जौनपुर स्थित शेरवा/कलवारी (धोबहा) गांव के रहने वाले शुभम सिंह के घर संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा के परिणाम शुक्रवार को घोषित होते ही शेरवा और कलवारी (धोबहा) क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। क्षेत्र
शुभम सिंह फाइल फोटो


जौनपुर,06 मार्च (हि.स.)। यूपी के जौनपुर स्थित शेरवा/कलवारी (धोबहा) गांव के रहने वाले शुभम सिंह के घर संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा के परिणाम शुक्रवार को घोषित होते ही शेरवा और कलवारी (धोबहा) क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। क्षेत्र के होनहार युवक शुभम सिंह चंदेल ने कड़ी मेहनत और अटूट संकल्प के दम पर यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा में 378वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता से परिवार और ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है।शुभम सिंह चंदेल, दीनानाथ सिंह (छेदी) के पुत्र हैं। साधारण परिवार से आने वाले शुभम ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने यूपीएससी परीक्षा में यह सफलता पांचवें प्रयास में प्राप्त की है। शुरुआती चार प्रयासों में असफलता मिलने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार तैयारी करते रहे। अंततः उनके धैर्य और मेहनत का फल उन्हें इस सफलता के रूप में मिला।शुभम की शैक्षणिक पृष्ठभूमि भी काफी मजबूत रही है। उन्होंने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की शिक्षा सेंट पैट्रिक्स स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी धनबाद से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की। इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद उन्होंने समाज के लिए कुछ करने की भावना से सिविल सेवा को अपना लक्ष्य बनाया और इसकी तैयारी के लिए दिल्ली में रहकर कड़ी मेहनत की।जैसे ही शुभम की सफलता की खबर उनके पैतृक गांव कलवारी धोबहा पहुंची, गांव में खुशी का माहौल बन गया। ग्रामीणों और क्षेत्र के लोगों ने इसे पूरे इलाके के लिए गर्व का क्षण बताया। उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।ग्रामीणों का कहना है कि शुभम की सफलता यह साबित करती है कि अगर मन में दृढ़ इच्छाशक्ति और मेहनत का जज्बा हो तो सीमित संसाधनों के बावजूद भी बड़े से बड़ा लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव