Enter your Email Address to subscribe to our newsletters






फाग की चौकड़िया,काव्यपाठ व हरि नाम संकीर्तन से गूंजा माधव स्मृति भवन
झांसी, 06 मार्च (हि.स.)। रंगोत्सव होली पर्व के उपलक्ष्य में माधव स्मृति भवन संघ कार्यालय में रंग उत्सव का कार्यक्रम हर्षोल्लास और पारंपरिक ढंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान फाग की चौकड़ियों, काव्यपाठ और हरि नाम संकीर्तन की स्वर लहरियों से पूरा परिसर भक्तिमय होकर गूंज उठा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों और गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। इस दौरान पारंपरिक गीतों और भजनों के साथ रंग उत्सव मनाया गया तथा एक-दूसरे को फूल अर्पित कर होली की शुभकामनाएं दी गईं। फूलों की होली ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया, जिसमें उपस्थित लोगों ने आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया।
इस अवसर पर इस्कॉन मंदिर से आए ब्रजभूमिदास व उनके साथ आये सहयोगियों ने हरिनाम संकीर्तन कर सबको आनन्दित किया। वहीं कवियों ने काव्यपाठ कर सबका मन मोह लिया। कवि संजीव दुबे,कवि अर्जुन सिंह चांद समेत उरई से आये युवा कवि शिवा शुक्ला ने देशभक्ति व संघ पर काव्यपाठ कर पूरे कार्यालय का माहौल देशभक्ति मय कर दिया। उन्होंने संघ पर भी विश्लेषण करने वाली कविता का पाठ करते हुए कहा- जाति पंथ को खंडित कर जो धर्म विचारक बनता है, संत रूपी होता है जो संघ प्रचारक बनता है।
अंत में सभी उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर होली की बधाई दी तथा समाज में प्रेम, सौहार्द और एकता बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में उत्साह और उमंग का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम में विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजय राय,राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघ चालक शिवकुमार भार्गव, सह महानगर संघचालक जय सिंह सेंगर, विभाग प्रचारक मनोज, प्रांत घुमंतू कार्य प्रमुख अरुण, विभाग कार्यवाह चौधरी धर्मेंद्र सिंह, महानगर कार्यवाह मुकुल, सह महानगर कार्यवाह बृजेंद्र, साय प्रचारक सचिन, कार्यालय प्रमुख गया प्रसाद, केके गुप्ता सहित संघ के विभिन्न पदाधिकारी,मातृशक्ति बहनें एवं जनप्रतिनिधिगण पवन गौतम बिहारी लाल आर्य, रमा निरंजन, राजीव सिंह पारीछा, जवाहरलाल राजपूत, बाबूलाल तिवारी, रामतीर्थ सिंघल, रवि शर्मा, रवींद्र शुक्ला, रामनरेश तिवारी, सुधीर सिंह, प्रदीप पटेल, विश्व हिंदू परिषद विभाग संगठन मंत्री सोमेंद्र, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सह प्रांत संगठन मंत्री दिनेश बाजपेई, सेवा भारती, विद्या भारती, सक्षम, बजरंग दल ,पूर्व सैनिक सेवा परिषद सहित समस्त विचार परिवार के कार्यकर्ता एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे। संचालन राहुल ने किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया