Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

प्रयागराज, 06 मार्च (हि.स)। प्रयागराज मंडल द्वारा रेल संचालन में निरंतर सुधार एवं यात्रियों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किए जा रहे प्रयासों के फलस्वरूप 05 मार्च को मंडल ने समयपालन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त की है। प्रयागराज मंडल पर संचालित मेल-एक्सप्रेस गाड़ियों का समयपालन 98.03 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो वर्ष 2026 का अब तक का सर्वाेत्तम प्रदर्शन है।
जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने शुक्रवार को बताया कि 05 मार्च को प्रयागराज मंडल के विभिन्न रेल खंडों पर कुल 254 मेल-एक्सप्रेस गाड़ियां रिपोर्ट हुईं, जिनमें से 249 गाड़ियों का संचालन 100 प्रतिशत समयपालन के साथ सुनिश्चित किया गया। इस प्रदर्शन के परिणामस्वरूप उत्तर मध्य रेलवे ने भारतीय रेलवे के सभी 17 जोनों में 98.52 प्रतिशत समयपालन के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक अकान्शु गोविल के नेतृत्व में परिचालन विभाग सहित मंडल के सभी विभागों के समन्वित प्रयासों का परिणाम है। रेलकर्मियों द्वारा की जा रही मॉनिटरिंग, प्रभावी संचालन प्रबंधन, बेहतर समन्वय तथा त्वरित निर्णयों के कारण गाड़ियों का संचालन समयानुसार सुनिश्चित किया जा सका।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने मंडल के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं समयबद्ध रेल सेवाएं प्रदान करना भारतीय रेलवे की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी इसी प्रकार प्रयागराज मंडल भारतीय रेलवे में उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करता रहेगा।
वहीं, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक ने कहा कि गाड़ियों के समयपालन को और बेहतर बनाने के लिए मंडल में निरंतर मॉनिटरिंग, परिचालन प्रबंधन में सुधार तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को और सुदृढ़ किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर और समयनिष्ठ सेवाएँ उपलब्ध कराई जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र