Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नागपुर, 06 मार्च (हि.स.)। असम के कार्बी आंगलोंग जिले में 5 मार्च की रात वायुसेना के सुखोई लड़ाकू विमान के प्रशिक्षण के दौरान दुर्घटनाग्रस्त होने से नागपुर जिले के सपूत फ्लाइट लेफ्टनेंट पूर्वेश दुरगकर और स्क्वॉड्रन लीडर अनुज वीरगति को प्राप्त हुए।
वायुसेना से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार को नियमित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान यह विमान असम के कार्बी आंगलोंग जिले के घने जंगल और पहाड़ी क्षेत्र से गुजर रहा था कि अचानक रडार से गायब हो गया। थोड़ी ही देर में विमान का जमीन पर नियंत्रण से संपर्क टूट गया। घटना की सूचना मिलते ही तुरंत खोज अभियान शुरू किया गया लेकिन दुर्भाग्यवश दोनों वैमानिकों को बचाया नहीं जा सका।
वीरगति प्राप्त फ्लाइट लेफ्टनेंट पूर्वेश दुरगकर मूलतः नागपुर जिले के निवासी थे। उन्होंने भंडारा जिले के शाहपुर में डीएसए अकादमी से अपने सैन्य पूर्व-प्रशिक्षण को पूरा किया था। लगभग तीन वर्ष पूर्व वे भारतीय वायुसेना से पास आउट हुए थे। उनके साहसपूर्ण कार्यों और समर्पित सेवा के लिए पूरे विदर्भ सहित देशभर में शोक व्यक्त किया जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए दोनों वैमानिकों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि, सुखोई विमान दुर्घटना में स्क्वॉड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टनेंट पूर्वेश दुरगकर के निधन की खबर अत्यंत दुःखद है। राष्ट्रसेवा के प्रति उनका समर्पण और साहस भारतीय वायुसेना की सर्वोच्च परंपरा का प्रतीक है। देश उनके बलिदान को नमन करता है।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुलकर्णी