Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मुरैना, 06 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के सुमावली क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक मामूली विवाद के दौरान एसएएफ के जवान ने अपने सगे चाचा को गोली मार दी। गोली लगने से चाचा गंभीर घायल हो गया। जिसे परिजन पहले मुरैना जिला अस्पताल में ले गए, यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया गया। गोली कांड के बाद से आरोपी भतीजा फरार है। पुलिस घायल का बयान लेने ग्वालियर रवाना हो गई है बयान के बाद मामला दर्ज किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार पावली गांव निवासी गंभीर गुर्जर के बेटे और पांचवी बटालियन में पदस्थ रवि गुर्जर और उनके चाचा राजू गुर्जर के बीच शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे बहस हुई। विवाद बढ़ने पर गाली-गलौज के दौरान रवि ने कट्टा निकालकर चाचा को जांघ में गोली मार दी। परिवार और ग्रामीणों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले से आपसी तनाव था। कुछ समय पहले ही दोनों परिवार अलग-अलग घर में रहने लगे थे। घटना के तुरंत बाद रवि भतीजा फरार हो गया। सुमावली थाना प्रभारी एसआई रवि गुर्जर ने बताया कि घायल चाचा का ग्वालियर अस्पताल में बयान लिया गया हैं। बयान दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करेगी और उसे जल्द गिरफ्तार करने की योजना है। पुलिस ने बटालियन को भी घटना की जानकारी दे दी है। अधिकारी घटना की सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे