Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

-घर से फिनाइल की पीसी हुई गाेली मिली
नई दिल्ली, 06 मार्च (हि.स.)। दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में गुरुवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक घर में दो बहनों के शव मिले। वहीं उनकी मां घर के अंदर बेहोशी की हालत में मिली, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस को आशंका है कि मां ने ही दोनों बेटियों की हत्या करने के बाद आत्महत्या का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार गुरुवार शाम करीब 6:10 बजे पुलिस को फोन के जरिए सूचना मिली कि इलाके में एक घर का दरवाजा काफी देर से खटखटाया जा रहा है, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिल रहा। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि घर का दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद दरवाजा खुलवाकर पुलिस अंदर दाखिल हुई। घर के अंदर का दृश्य देखकर पुलिसकर्मी भी सन्न रह गए। अधिकारियों को घर के अलग-अलग कमरों में दो युवतियों के शव मिले।
शुक्रवार को एक बार दोबारा क्राइम टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, एक युवती का शव कमरे में बिस्तर पर पड़ा था और उसके चेहरे पर तकिया रखा हुआ था, जबकि दूसरी युवती का शव दूसरे कमरे में मिला। जिसके गले को बैंड से घोंटा गया था। उसके हाथ में कट के निशान मिले हैं। दोनों मृतकाओं की पहचान सगी बहनों के रूप में हुई है। इनमें बड़ी बहन राधिका (33) और छोटी बाहन गुनीशा (28) के रूप में हुई है।
जांच के दौरान पुलिस को घर के एक अन्य कमरे में उनकी मां सुनीता भी बेहोशी की हालत में मिली। महिला की सांस चल रही थी, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत उसे नजदीकी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज जारी है और डॉक्टर उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस को शक है कि महिला ने पहले अपनी दोनों बेटियों की हत्या की और उसके बाद खुदकुशी का प्रयास किया। पुलिस को घटनास्थल से फिनाइल की गोली पीसी हुई मिली है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की सटीक जानकारी विस्तृत जांच और महिला के होश में आने के बाद ही सामने आ सकेगी। सूत्रों की मानें तो सुनीता की अपने पति सुधांशु अरोड़ा से नहीं बनती थी। सुधांशु का कपड़ो का कारोबार है। फिलहाल पुलिस परिवार से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी