अंचल कार्यालय की जनता अदालत का विधायक खेमका ने किया निरीक्षण
पूर्णिया, 06 मार्च (हि.स.)। पूर्णिया ईस्ट ब्लॉक अंचल कार्यालय स्थित जनता अदालत में चल रही जनसुनवाई का निरीक्षण विधायक विजय खेमका ने आज किया। इस दौरान विधायक ने अंचल कार्यालय में मौजूद आवेदनकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और कठिनाइयों की जानकारी
जन सुनवाई के दौरान विधायक


पूर्णिया, 06 मार्च (हि.स.)। पूर्णिया ईस्ट ब्लॉक अंचल कार्यालय स्थित जनता अदालत में चल रही जनसुनवाई का निरीक्षण विधायक विजय खेमका ने आज किया। इस दौरान विधायक ने अंचल कार्यालय में मौजूद आवेदनकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और कठिनाइयों की जानकारी ली। जनता अदालत में अंचल अधिकारी के समक्ष जमीन से जुड़े मामलों जैसे परिमार्जन, म्यूटेशन (दाखिल-खारिज) तथा जमीन माफी से संबंधित ऑनलाइन आवेदनों के साथ अन्य भूमि विवादों की सुनवाई की जा रही थी।

अंचल अधिकारी ने विधायक को बताया कि प्राप्त आवेदनों का लगातार निष्पादन किया जा रहा है, लेकिन वर्तमान में कर्मचारियों की हड़ताल के कारण कार्य निष्पादन में कुछ कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। निरीक्षण के दौरान विधायक ने अंचल अधिकारी को निर्देश दिया कि जनता अदालत में आने वाले आवेदकों के लिए समुचित बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा राजस्व अधिकारी और कर्मचारी एक ही स्थान पर उपस्थित रहकर लोगों की समस्याओं का समाधान करें।

इस अवसर पर विधायक खेमका ब्लॉक कार्यालय पहुंचे जेपी सेनानियों की टीम से भी मिले और उनकी समस्याओं से अवगत हुए। उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया कि ब्लॉक कल्याण पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर जेपी सेनानियों द्वारा दिए गए आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विधायक ने अंचलाधिकारी व राजस्व अधिकारियों से भूमि संबंधी लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करने को कहा, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।

उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार में प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता को प्राथमिकता दी गई है तथा “न्याय के साथ विकास” सरकार का संकल्प है। विधायक ने कहा कि ऑनलाइन आवेदन व्यवस्था और सभी कार्यालयों में सोमवार एवं शुक्रवार को जनता अदालत के आयोजन से लोगों की परेशानियां काफी कम हुई हैं और डिजिटाइजेशन के दौर में सरकारी सेवाएं अधिक सरल और सुलभ बनी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह