डीएम ने दिया जॉब कार्ड धारियों का ई-केवाईसी शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश
सुपौल, 06 मार्च (हि.स.)। जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में मनरेगा योजना की प्रगति को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में निदेशक एनईपी, डीआरडीए, डीपीओ मनरेगा, कार्यपालक अभियंता, सहायक अभिय
मनरेगा


सुपौल, 06 मार्च (हि.स.)। जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में मनरेगा योजना की प्रगति को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में निदेशक एनईपी, डीआरडीए, डीपीओ मनरेगा, कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता तथा जिले के सभी कार्यक्रम पदाधिकारी मौजूद थे।

बैठक के दौरान डीएम ने मनरेगा से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की प्रखंडवार समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सभी कार्यक्रम पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मनरेगा जॉब कार्ड धारियों का ई-केवाईसी कार्य शत-प्रतिशत जल्द से जल्द पूरा किया जाए।

इसके साथ ही डीएम ने मनरेगा के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति बढ़ाने, मानव दिवस सृजन में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि हासिल करने तथा अवशेष बचे पंचायतों में खेल मैदान निर्माण के लिए जल्द से जल्द उपयुक्त स्थल चिन्हित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण विकास विभाग द्वारा चिन्हित ग्रामीण हाट के अलावा भी आवश्यकतानुसार अन्य स्थानों की पहचान की जाए ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन और विकास कार्यों को गति मिल सके।बैठक में भारत सरकार द्वारा अधिसूचित वीबी-जीआरएएमजी योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया, ताकि अधिक से अधिक लोगों को योजना का लाभ मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र