Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

अजमेर, 6 मार्च (हि.स.)। महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर के महर्षि दयानंद शोधपीठ एवं महर्षि दयानंद सरस्वती यूजीसी चेयर के संयुक्त तत्वावधान में “सशक्त नारी: महिला सशक्तीकरण पर वैदिक विमर्श” विषय पर एक राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। यह संगोष्ठी शनिवार, 7 मार्च 2026 को अपराह्न 2:00 बजे विश्वविद्यालय परिसर स्थित स्वराज सभागार, बृहस्पति भवन में आयोजित होगी। इससे पूर्व अपरान्ह सवा बारह बजे से वैदिक यज्ञ का आयोजन भी होगा
संगोष्ठी की मुख्य अतिथि अजमेर दक्षिण की विधायक एवं पूर्व मंत्री अनीता भदेल होंगी, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल करेंगे।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों के विद्वान महिला सशक्तीकरण के वैदिक, सामाजिक एवं समकालीन आयामों पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय विश्वविद्यालय, जम्मू की प्रो. वंदना शर्मा, सेवानिवृत्त शिक्षाविद् प्रो. लक्ष्मी ठाकुर, वित्त नियंत्रक नेहा शर्मा तथा राजकीय कन्या महाविद्यालय, अजमेर की डॉ. निहारिका राठौड़ मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार व्यक्त करेंगी।
संगोष्ठी का उद्देश्य वैदिक साहित्य और भारतीय परंपरा में निहित नारी के सम्मान, अधिकार और सामर्थ्य की अवधारणा को समकालीन संदर्भों में पुनः स्थापित करना तथा समाज में महिला सशक्तीकरण की दिशा में सकारात्मक संवाद को बढ़ावा देना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष