Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बलरामपुर, 06 मार्च (हि.स.)। राज्य सरकार की महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रभावी भूमिका निभा रही है। योजना के माध्यम से मिलने वाली छोटी आर्थिक सहायता भी कई परिवारों के जीवन में बड़ा बदलाव ला रही है। इसका एक प्रेरक उदाहरण नगरपालिका बलरामपुर के इंदिरा गांधी वार्ड क्रमांक 05 की निवासी सुमित्रा भगत हैं, जिन्होंने योजना से प्राप्त राशि का उपयोग कर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाने की दिशा में उल्लेखनीय पहल की है।
महतारी वंदन योजना के तहत सुमित्रा भगत को प्रतिमाह 1000 रुपये की आर्थिक सहायता मिलती है। इस राशि को केवल घरेलू खर्च तक सीमित न रखते हुए उन्होंने इससे एक छोटी किराना दुकान की शुरुआत की। दुकान के संचालन से उन्हें नियमित अतिरिक्त आय होने लगी है, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति में धीरे-धीरे सुधार आया है। अब वे घर की आवश्यकताओं को आसानी से पूरा कर पा रही हैं और बच्चों की जरूरतों का भी बेहतर ढंग से ध्यान रख पा रही हैं।
सुमित्रा भगत बताती हैं कि महतारी वंदन योजना से मिली आर्थिक सहायता ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने का आत्मविश्वास दिया है। पहले जहां सीमित संसाधनों के कारण कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, वहीं अब नियमित आय के कारण परिवार की स्थिति पहले से बेहतर हुई है। वे कहती हैं कि शासन की इस पहल से न केवल उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है, बल्कि आसपास की अन्य महिलाएं भी सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित हो रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय