Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 06 मार्च (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा ने विशेषाधिकार समिति की कार्यवाही की लाइव स्ट्रीमिंग की आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल के अनुरोध को खारिज कर दिया है।
दिल्ली विधानसभा ने आज पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखकर विशेषाधिकार समिति की कार्यवाही की लाइव स्ट्रीमिंग के उनके अनुरोध को खारिज कर दिया है। समिति ने 'फांसी घर' से जुड़े मामले में केजरीवाल को समन जारी कर शुक्रवार को 03 बजे तलब किया हुआ है।
इसके बाद गुरुवार को केजरीवाल ने एक पत्र लिखकर विशेषाधिकार समिति की कार्यवाही लाइव स्ट्रीमिंग करने का अनुरोध किया था।
अध्यक्ष के निर्देश के मुताबिक विशेषाधिकार समिति की कार्यवाही गोपनीय होती है और प्रक्रिया के नियम इसकी लाइव स्ट्रीमिंग की इजाजत नहीं देते हैं। इसके अलावा, विशेषाधिकार समिति की बैठक का संसद या दूसरे राज्यों में टेलीकास्ट होने का कोई उदाहरण नहीं है।
अध्यक्ष ने इस मामले में केजरीवाल को जानकारी न होने पर भी हैरानी जताई है, जबकि वे दस साल से ज्यादा समय तक विधानसभा के सदस्य रहे हैं। इस समय भी विशेषाधिकार समिति की कई बैठकें हुईं, लेकिन एक भी बैठक का कभी टेलीकास्ट/लाइव स्ट्रीम नहीं किया गया।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव