Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सुपौल, 06 मार्च (हि.स.)। आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर शुक्रवार को सुपौल समाहरणालय परिसर में जिला जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार की अध्यक्षता जिलाधिकारी सावन कुमार ने की। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से आए लोगों ने अपनी समस्याओं से संबंधित कुल 24 आवेदन डीएम के समक्ष प्रस्तुत किए।जनता दरबार के दौरान जिलाधिकारी सावन कुमार ने एक-एक कर सभी आवेदनों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक जांच कर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
प्राप्त आवेदनों में भूमि विवाद, सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य जनहित से जुड़े मामलों की शिकायतें शामिल थीं।
डीएम ने उपस्थित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनता दरबार में प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि आम लोगों की समस्याओं का समाधान सीधे प्रशासनिक स्तर पर हो, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिकायतों के निपटारे में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि जनता दरबार में आने वाली शिकायतें आम जनता की उम्मीद और भरोसे से जुड़ी होती हैं, इसलिए हर आवेदन पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए और आवेदकों को जल्द से जल्द राहत प्रदान की जाए। इस अवसर पर अपर समाहर्ता सच्चिदानंद सुमन, गोपनीय शाखा के विशेष कार्य पदाधिकारी विकास कुमार कर्ण, वरीय उप समाहर्ता मुकेश कुमार सहित कई अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद रहे। जनता दरबार में आए लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे जिलाधिकारी के समक्ष रखीं और समाधान की उम्मीद जताई।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र