Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पूर्वी सिंहभूम, 06 मार्च (हि.स.)। उलीडीह थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 2.07 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 से 40 हजार रुपये बतायी जा रही है। गिरफ्तार आरोपित के पास से 27 पुड़िया ब्राउन शुगर जब्त किया गया है।
शुक्रवार को उलीडीह थाना प्रभारी मो शारीक अली ने प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि स्वर्णरेखा प्रोजेक्ट के खंडहरनुमा मकान में कुछ लोग अवैध रूप से ब्राउन शुगर की बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर सिटी एसपी के निर्देश पर पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में एक छापेमारी टीम का गठन किया गया।
छापेमारी टीम स्वर्णरेखा प्रोजेक्ट परिसर पहुंची। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोग भागने लगे। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक युवक को पकड़ लिया, जबकि अन्य लोग मौके से फरार हो गए।
पकड़े गए युवक की पहचान मानगो थाना क्षेत्र के पानी टंकी निवासी उदय महतो (19) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 27 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक