होटल से हथियार बरामद, संचालक गिरफ्तार
पलामू, 06 मार्च (हि.स.)। पलामू जिले के हुसैनाबाद पुलिस ने जपला स्टेशन रोड स्थित दुर्गा मंदिर के पास गुप्त सूचना के आधार पर एक झोपड़ी होटल में छापेमारी कर अवैध हथियार के साथ होटल मालिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के पास से एक देशी कट्टा और ए
गिरफ्तार आरोपी एवं जानकारी देते एसडीपीओ एस मो. याकूब


पलामू, 06 मार्च (हि.स.)। पलामू जिले के हुसैनाबाद पुलिस ने जपला स्टेशन रोड स्थित दुर्गा मंदिर के पास गुप्त सूचना के आधार पर एक झोपड़ी होटल में छापेमारी कर अवैध हथियार के साथ होटल मालिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद की है।

हुसैनाबाद के एसडीपीओ एस.मोहम्मद याक़ूब ने शुक्रवार को बताया कि गुप्त सूचना मिली कि जपला स्टेशन रोड स्थित दुर्गा मंदिर के पास एक झोपड़ी होटल का मालिक अपने पास अवैध हथियार छिपाकर रखा हुआ है। कार्रवाई के लिए एक छापेमारी दल का गठन किया गया।

छापेमारी दल ने मौके पर पहुंचकर होटल में तलाशी अभियान चलाया। होटल में मौजूद एक व्यक्ति को सशस्त्र बल के सहयोग से पकड़कर पूछताछ की गई।

पूछताछ में उसने अपना नाम रामाकांत सिंह (42) बताया। वह बिहार के औरंगाबाद मुंगिया थाना क्षेत्र के टंडवा का रहने वाला है।

तलाशी के दौरान आरोपित ने बताया कि वह अवैध शराब की खरीद-बिक्री करता है और अपने होटल में एक देशी कट्टा और जिंदा गोली छिपाकर रखा है। पुलिस ने काउंटर की तलाशी ली तो अंदर से एक देशी कट्टा तथा एक जिंदा गोली बरामद की गई। पुलिस ने बरामद हथियार और गोली को जब्त कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार