कमांता डैम में डूबे युवक का शव बरामद
खूंटी, 06 मार्च (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के कमांता डैम में डूबे युवक का शव लगभग 24 घंटे बाद शुक्रवार को बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान अनिगड़ा गांव निवासी आकाश पूर्ति के रूप में हुई है। घटना के बाद से परिजनों और ग्रामीणों में शोक का माहौल व्याप्त
शव बरामद


खूंटी, 06 मार्च (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के कमांता डैम में डूबे युवक का शव लगभग 24 घंटे बाद शुक्रवार को बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान अनिगड़ा गांव निवासी आकाश पूर्ति के रूप में हुई है। घटना के बाद से परिजनों और ग्रामीणों में शोक का माहौल व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते गुरुवार को आकाश पूर्ति अपने गांव के ही पांच अन्य दोस्तों के साथ कमांता डैम में नहाने के लिए गया था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। हालांकि उसके साथ मौजूद दोस्तों में से किसी ने भी उसे डूबते हुए नहीं देखा, जिससे कुछ समय तक यह स्पष्ट नहीं हो सका कि वह अचानक कहां गायब हो गया।

जब देर शाम तक आकाश घर नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी खोजबीन शुरू कर दी। परिजन और ग्रामीणों ने आसपास के इलाके और रिश्तेदारों के घरों में काफी तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल पाया। इसके बाद मामले की सूचना खूंटी थाना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और डैम में डूबने की आशंका को देखते हुए जांच शुरू की। शुक्रवार को एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। एनडीआरएफ के जवानों ने डैम में करीब एक घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद पानी से आकाश पूर्ति का शव बरामद कर लिया।

शव बरामद होने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए शव को सदर अस्पताल खूंटी भेज दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा