Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

- सारंडा–कोल्हान ऑपरेशन पर हुई उच्चस्तरीय बैठक
पश्चिमी सिंहभूम, 06 मार्च (हि.स.)। झारखंड में नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियान को और तेज करने के उद्देश्य से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महानिदेशक (डीजी) ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह शुक्रवार को चाईबासा पहुंचे। चाईबासा स्थित समाहरणालय में उन्होंने राज्य पुलिस और सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर नक्सल विरोधी अभियानों की स्थिति की समीक्षा की।
बैठक के दौरान अधिकारियों के साथ सारंडा और कोल्हान के घने जंगलों में सक्रिय नक्सली संगठनों के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही हाल के दिनों में हुई मुठभेड़ों, बरामद आईईडी और सुरक्षा बलों की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
सीआरपीएफ डीजी ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए और खुफिया तंत्र को और मजबूत बनाया जाए। उन्होंने कहा कि नक्सलियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सशक्त सूचना तंत्र बेहद आवश्यक है।
समीक्षा बैठक में झारखंड पुलिस और सीआरपीएफ के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बलों की तैनाती, ग्रामीण क्षेत्रों में संवाद बढ़ाने और नक्सलियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति को सख्ती से लागू करने पर भी चर्चा की गई।
अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि नक्सलियों की आपूर्ति व्यवस्था और उनके सहयोगी नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए ठोस कार्रवाई की जाए। साथ ही स्थानीय ग्रामीणों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने और नक्सलियों को अलग-थलग करने की रणनीति अपनाने पर भी जोर दिया गया।
वर्तमान में कोल्हान और सारंडा वन क्षेत्र में सुरक्षा बलों की ओर से सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है। लगातार हो रही कार्रवाई के बीच सीआरपीएफ डीजी के इस दौरे को आने वाले दिनों में नक्सलियों के खिलाफ और बड़े अभियान की तैयारी के रूप में भी देखा जा रहा है।
सीआरपीएफ डीजी का यह दौरा सुरक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि पिछले 40 दिनों के भीतर यह उनका दूसरा चाईबासा दौरा है। इससे पहले वे 19 जनवरी को भी यहां पहुंचे थे। कम समय के अंतराल में उनका दोबारा दौरा इस बात का संकेत माना जा रहा है कि सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान को निर्णायक चरण में ले जाने की तैयारी की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक