Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


पूर्वी सिंहभूम, 06 मार्च (हि.स.)। टाटा स्टील और जमशेदपुर नोटिफाइड एरिया कमेटी (जेएनएसी) के संयुक्त अभियान के तहत शुक्रवार को टेल्को के मनीफीट इलाके में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
इस दौरान करीब 50 वर्ष पहले बनी 15 दुकानों को तोड़कर अतिक्रमण मुक्त कराया गया। अभियान के दौरान जिला प्रशासन, टाटा स्टील और जेएनएसी की टीम बड़ी संख्या में मौजूद रही।
बताया जाता है कि इन दुकानों को लेकर मामला लंबे समय से न्यायालय में चल रहा था। हाल ही में न्यायालय ने इस मामले में टाटा स्टील के पक्ष में फैसला सुनाया। फैसले के बाद संबंधित दुकानदारों को दुकान खाली करने के लिए नोटिस भी जारी किया गया था। हालांकि नोटिस मिलने के बावजूद दुकानदारों ने समय पर दुकान खाली नहीं किया।
इसके बाद शुक्रवार को प्रशासन और टाटा स्टील की टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। जैसे ही बुलडोजर से दुकानों को तोड़ने की प्रक्रिया शुरू हुई, कुछ दुकानदारों ने इसका विरोध भी किया और प्रशासन से मोहलत देने की मांग की। लेकिन न्यायालय के आदेश के कारण अधिकारियों ने अभियान जारी रखा और एक-एक कर सभी दुकानों को जमींदोज कर दिया।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार शहर के सौंदर्यीकरण और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से टाटा स्टील की ओर से न्यायालय में आवेदन दिया गया था। इसे लेकर ही अदालत का आदेश मिलने के बाद यह अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के बाद पूरे इलाके को अतिक्रमण मुक्त कर दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक