Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हजारीबाग, 06 मार्च (हि.स.)। बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के नापो गांव में गुरूवार रात हुई हिंसक घटना के बाद शुक्रवार को पूरे क्षेत्र में तनाव है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बड़कागांव मुख्य चौक पर धरना देते हुए सड़क जाम कर दिया।
प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई। घटना की सूचना पर पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने ग्रामीणों के साथ धरना स्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से न्याय की मांग की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अपराध और असामाजिक गतिविधियों की बढ़ती घटनाएं चिंता का विषय है। प्रशासन को इस पर कडी कार्रवाई करनी चाहिए। अंबा प्रसाद ने तत्काल मामले की जानकारी पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को दी।
मामले पर हजारीबाग के उपायुक्त और एसपी से घटनास्थल पर पहुंचकर कार्रवाई करने की बात कही। ग्रामीणों ने बताया कि नापो गांव में बीती रात एक व्यक्ति ने कथित रूप से दो लोगों की हत्या कर दी, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि हमलावरों ने धारदार हथियारों से हमला करने के साथ-साथ वाहन से भी लोगों को कुचलने की कोशिश की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar