Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

लखनऊ, 06 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के महिला कल्याण विभाग अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर 08 मार्च को इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान के मार्स आडीटोरियम, लखनऊ में राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित कर महिला कार्मिकों, संवासिनियों, आँगनबाड़ी कार्यकत्री एवं मेधावी बालिकाओं का सम्मान करेगा।
इस अवसर पर महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्ठाहार मंत्री बेबी रानी मौर्य द्वारा नवनियुक्त 94 मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र वितरण किया जायेगा। आईसीडीएस के 50 वर्ष पूर्ण होने पर आँगनबाड़ी कार्यकत्री द्वारा दिए गए उत्कृष्ट कार्यों पर आधारित पुस्तक ‘‘आत्ममंथन’’ का विमोचन एवं मुख्य सेविका के विकसित मैनुअल पुस्तिका ‘‘सारथी’’ का विमोचन भी किया जायेगा। प्रदेश की समस्त आँगनबाड़ी कार्यकत्रियों के लिए बीमा प्रीमियम की 8.90 करोड़ रुपये की धनराशि तथा इनकी साड़ी-वर्दी के लिए 29.59 करोड़ रुपये की धनराशि का डीबीटी के माध्यम से अंतरण किया जायेगा।
कार्यक्रम में विभाग की राज्यमंत्री, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष के साथ विभाग उच्च अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक