Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बलरामपुर, 06 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 08 मार्च को जिले में महिला सशक्तिकरण को केंद्र में रखते हुए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कलेक्टर राजेन्द्र कटारा के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विभिन्न विभागों के समन्वय से जिलास्तरीय महिला सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। जिला मुख्यालय बलरामपुर में यह कार्यक्रम बाजारपारा स्थित ऑडिटोरियम भवन में आयोजित होगा। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बस्तर जिले से वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ेंगे।
सम्मेलन में स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी तथा वाणिज्य एवं उद्योग विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी और स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से महिलाओं को शासन की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी, ताकि वे इन जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ले सकें।
कार्यक्रम के दौरान महिला मड़ई का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों के प्रदर्शन और विक्रय के लिए स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके साथ ही एनआरएलएम, वन विभाग, पंचायत विभाग और कृषि विभाग से जुड़े समूहों के साथ स्थानीय महिला उद्यमियों तथा स्टार्टअप को भी अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। स्थानीय व्यंजनों से तैयार पौष्टिक आहार का प्रदर्शन भी किया जाएगा, जिससे महिलाओं में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
सम्मेलन के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया जाएगा, जिसमें महिलाओं की एनीमिया जांच और बीएमआई का आकलन किया जाएगा। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और कानूनों की जानकारी भी दी जाएगी। इनमें सखी वन स्टॉप सेंटर, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम 2005 (नवा बिहान योजना), कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न अधिनियम 2013, दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले मैदानी अमलों और स्व-सहायता समूहों को सम्मानित भी किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय