Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

गाजियाबाद, 06 मार्च (हि.स.)। जनपद गाजियाबाद के मेरठ रोड पर स्थित मैनापुर इंडस्ट्रियल एरिया में बृहस्पतिवार की देर रात को पेंट बनाने वाली फैक्ट्री और स्क्रैप फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसकी लपटें दो किलोमीटर दूर से भी दिखाई दे रही थीं। सूचना पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए जल्द ही 10 और गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद शुक्रवार तड़के आग पर काबू पाया गया। यह घटना मधुबन बापूधाम थानाक्षेत्र में हुई।
गाजियाबाद के मुख्य दमकल अधिकारी राहुल पाल ने शुक्रवार काे बताया कि गुरुवार की देर रात को मैनापुर इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित एक पेंट फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। दमकल की दो गाड़ियां मौके पर भेज दी गईं। मौके पर जाकर पता चला कि आग ने पेंट फैक्ट्री के साथ-साथ बगल में स्थित स्क्रैप फैक्ट्री को भी अपनी चपेट में ले लिया है। आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्ट्री परिसर में मौजूद कर्मचारियों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
आग की ऊंची लपटें करीब दो किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रही थीं। पेंट फैक्ट्री में बड़ी संख्या में केमिकल व पेंट से भरे ड्रम रखे हुए थे, जो कि अत्यंत ज्वलनशील होते हैं। ऐसे में आग फैलने के बाद इन ड्रमों में एक के बाद एक तेज धमाके होने लगे। ड्रमों में हो रहे धमाकों के कारण आग तेजी से फैलती चली गई, जिससे पड़ोस की स्क्रैप फैक्ट्री में भी आग लग गई।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि अलग-अलग फायर स्टेशनों से कुल 12 दमकल गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। दमकलकर्मी देर रात से आज सुबह तक आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे रहे। आग बुझाने में दमकल कर्मियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आग की लपटें लगातार ऊंची उठ रही थीं और तेज गर्मी के कारण दमकलकर्मियों को सुरक्षित दूरी बनाकर आग बुझानी पड़ी। उन्होंने बताया कि आग लगने का कारण और इसे हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या केमिकल रिएक्शन के कारण आग लगने का अंदेशा है। उनके मुताबिक घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि दोनों फैक्ट्री में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी