Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

फर्रुखाबाद, 06 मार्च (हि.स.)। फर्रुखाबाद जिले में कंपिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव रायपुर चिनघटपुर में एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा की चपेट में आने से 5 वर्षीय बालक अर्जुन की मौत हो गई। यह दुर्घटना शुक्रवार को उस समय हुई जब बच्चा सड़क पार कर रहा था।
परिजनों से जानकारी के अनुसार, मृतक अर्जुन अपने एक घर से दूसरे घर की ओर जा रहा था। जैसे ही उसने सड़क पार की और किनारे पहुँचा, तभी कंपिल की दिशा से अटैना घाट की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा का पहिया मासूम के ऊपर से निकल गया और अनियंत्रित होकर वाहन भी पलट गया। हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। गंभीर रूप से घायल अर्जुन को उसके परिजन आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज ले गए। हालांकि, चोटें इतनी गंभीर थीं कि उसने अस्पताल पहुँचने से पहले रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
अर्जुन अपने पिता तेजसिंह का सबसे बड़ा पुत्र था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और दुर्घटना में शामिल ई-रिक्शा को अपने कब्जे में ले लिया। कंपिल थानाध्यक्ष नितिन कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर शिकायत मिलते ही सम्बंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar