Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

अनूपपुर, 06 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के फुनगा पुलिस चौकी के सामने स्थित पेट्रोल पंप के पास एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, गुरूवार की देर रात्रि जिला पंचायत सदस्य रामजी ‘रिंकू’ मिश्रा की खड़ी गाड़ी को एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। घटना के समय मिश्रा अपनी गाड़ी में ही बैठे हुए थे। टक्कर लगने से उन्हें मामूली चोटें आईं, हालांकि गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया। वहीं घटना के बाद वाहन सहित चालक फरार है।
जानकारी के अनुसार रात के समय एक ट्रक चालक तेज गति से वाहन चलाते हुए आया और नियंत्रण खो बैठा, जिससे सड़क किनारे खड़ी गाड़ी में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। घटना में वाहन को नुकसान काफी पहुंचा, जबकि जिला पंचायत सदस्य को हल्की चोट आई। वहीं घटना के बाद वाहन सहित चालक फरार हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने हाईवे पर भारी वाहनों की लापरवाही को लेकर नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि रात के समय कई ट्रक चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हैं, जिससे आम लोगों की जान जोखिम में पड़ जाती है। स्थानीय नागरिकों ने यातायात विभाग और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि रात के समय हाईवे पर भारी वाहनों की सघन जांच की जाए तथा नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
जिला पंचायत सदस्य ने बताया कि रात काफी हो गई थी, घटना के बाद ट्रक को देख नहीं पाया हूं सीसी टीवी खंगाले जा रहें देख कर आज शिकायत दर्ज कराउगा। फुनगा पुलिस चौकी प्राभारी सोने सिंह परस्ते ने बताया कि जिला पंचायत सदस्य अभी तक शिकायत दर्ज नहीं कराई हैं। शुक्रवार को चौकी आकर मामला दर्ज करने की बात कहीं हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला