दिलीप घोष की अगुवाई में भाजपा ने खड़गपुर में निकाली बाइक रैली
खड़गपुर, 06 मार्च (हि.स.)। आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को खड़गपुर में ‘संकल्प यात्रा’ के तहत एक विशाल बाइक रैली निकाली। भाजपा के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष के नेतृत्व में आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में क
खड़ग़पुर में दिलीप घोष बाइक रैली करते हुए


खड़गपुर, 06 मार्च (हि.स.)। आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को खड़गपुर में ‘संकल्प यात्रा’ के तहत एक विशाल बाइक रैली निकाली। भाजपा के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष के नेतृत्व में आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। जय श्री राम और भारत माता की जय के नारों से शहर का माहौल गूंज उठा।

दिलीप घोष ने स्वयं बाइक चलाकर रैली की अगुवाई की। खड़गपुर शहर के विभिन्न इलाकों से गुजरते हुए रैली ने नगर परिक्रमा की। इस दौरान स्थानीय लोगों से संवाद भी किया गया और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

भाजपा सूत्रों के अनुसार खड़गपुर संगठनात्मक रूप से तीन मंडलों में विभाजित है। रैली के दौरान दिलीप घोष तीनों मंडल के अध्यक्षों के साथ बुलेट मोटरसाइकिल पर नगर परिक्रमा करते नजर आए।

इस अवसर पर दिलीप घोष ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए ममता बनर्जी की कार्यशैली की आलोचना की। उन्होंने कहा, “ममता बनर्जी धरना के अलावा कुछ करना नहीं जानतीं। एक प्रशासक के रूप में वे पूरी तरह विफल रही हैं। अभी भी वह धरने पर बैठी हैं, पहले भी धरना देती रही हैं और मई महीने के बाद उन्हें स्थायी रूप से धरना ही देना पड़ेगा।”

उन्होंने आगे कहा, “खड़गपुर में परिवर्तन यात्रा पहुंचने से एक दिन पहले हमने यहां बाइक रैली की और लोगों तक यह संदेश पहुंचाया, ताकि वे भी कल इस परिवर्तन यात्रा में शामिल हों और राज्य से तृणमूल को उखाड़ फेंकने में सक्रिय भूमिका निभाएं।”

उन्होंने कहा कि भाजपा की संकल्प यात्रा जनता के बीच जाकर उनके मुद्दों को उठाने और राज्य में बदलाव का संदेश देने के लिए शुरू की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता