Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 06 मार्च (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा में विशेषाधिकार समिति की बैठक में फांसी घर मामले पर चर्चा के दौरान शुक्रवार को कुछ ही लोगों के प्रवेश की अनुमति दी गयी।
दिल्ली विधानसभा परिसर में आज विशेषाधिकार समिति के सदस्यों, विधानसभा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, मुख्यमंत्री/मंत्रियों, मुख्य सचेतक, नेता प्रतिपक्ष और (जिन लोगों को समन जारी है) को प्रवेश की अनुमति दी गयी। विशेषाधिकार समिति ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल और पूर्व मंत्री राखी बिड़ला को समन जारी किया हुआ है।
यह निर्देश दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष के जरिए जारी किया गया है। इसकी जानकारी आज विधानसभा सचिव रंजीत सिंह ने दी।
निर्देशों के मुताबिक, आज विशेषाधिकार समिति द्वारा राष्ट्रीय महत्व के एक अत्यंत संवेदनशील मामले की सुनवाई निर्धारित है। साथ ही कुछ सदस्यों द्वारा मीडिया में किए गए पोस्ट के कारण अव्यवस्था उत्पन्न होने की गंभीर आशंका और खतरा भी है।
इसके अतिरिक्त अध्यक्ष ने यह भी निर्देश दिया है कि यदि कोई सदस्य/व्यक्ति विधानसभा परिसर में ऐसी किसी गतिविधि में संलग्न पाया जाता है जिससे विधानसभा सचिवालय के कार्य या समिति की कार्यवाही में बाधा या व्यवधान उत्पन्न हो, तो उसके विरुद्ध विशेषाधिकार हनन तथा अवमानना की कार्यवाही की जाएगी। अतः सदस्यों से अनुरोध है कि वे अध्यक्ष के निर्देशों का पालन करें और सहयोग प्रदान करें।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव