Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सुपौल, 06 मार्च (हि.स.)। लगभग तीन वर्षों के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार नगर पंचायत सिमराही में विकास कार्यों की शुरुआत हो गई है। इससे नगर क्षेत्र के लोगों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को नगर पंचायत सिमराही के वार्ड नंबर 13 में सड़क निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया।
सड़क निर्माण कार्य का उद्घाटन वार्ड पार्षद गोपीकान्त झा तथा समाजसेवी रामानंद चौधरी ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर दोनों ने अपने हाथों से फावड़ा पकड़कर कार्य का शुभारंभ किया। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि अब नगर पंचायत क्षेत्र में अन्य विकास कार्यों को भी गति मिलेगी।
बताया जा रहा है कि यह सड़क वार्ड नंबर 13 में अभिषेक होटल से लेकर रामानंद चौधरी के घर तक बनाई जा रही है। लंबे समय से इस सड़क की स्थिति काफी जर्जर थी, जिसके कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। बरसात के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती थी, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती थी।
नगर पंचायत द्वारा स्वीकृत इस सड़क निर्माण कार्य के लिए कुल 4 लाख 81 हजार रुपये की राशि का एकरारनामा किया गया है। निर्माण कार्य शुरू होने से आसपास के लोगों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क बनने से आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।
वार्ड पार्षद गोपीकान्त झा ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है और चरणबद्ध तरीके से सभी वार्डों में सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
समाजसेवी रामानंद चौधरी ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सभी लोगों का सहयोग जरूरी है और भविष्य में भी ऐसे जनहित के कार्य होते रहेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र