यूपीएससी में छत्तीसगढ़ की वैभवी अग्रवाल ने 35वां रैंक हासिल कर किया स्टेट टॉप
रायपुर, 06 मार्च (हि.स.)। यूपीएससी परीक्षा में छत्तीसगढ़ के कई अभ्यर्थियों ने सफलता अर्जित की है। इनमें रायपुर की वैभवी अग्रवाल ने सिविल सर्विस परीक्षा (यूपीएससी) में 35वां रैंक हासिल कर प्रदेश में टॉप किया है। इसके अलावा राज्य से रौनक अग्रवाल, सं
वैभवी अग्रवाल अपने माता पिता के साथ


धमतरी जिले के परसवानी गांव के रहने वाले डीएसपी डायमंड सिंह ध्रुव


भाजपा पार्षद की बेटी है दर्शना सिंह


बीजापुर जिले के अंकित संकनी


रायपुर, 06 मार्च (हि.स.)। यूपीएससी परीक्षा में छत्तीसगढ़ के कई अभ्यर्थियों ने सफलता अर्जित की है। इनमें रायपुर की वैभवी अग्रवाल ने सिविल सर्विस परीक्षा (यूपीएससी) में 35वां रैंक हासिल कर प्रदेश में टॉप किया है। इसके अलावा राज्य से रौनक अग्रवाल, संजय डहरिया, मनेंद्रगढ़ जिले की भाजपा पार्षद की पुत्री दर्शना सिंह, धमतरी के डायमंड सिंह ध्रुव और बीजापुर के अंकित संकनी ने भी सफलता हासिल की है। इनके अतिरिक्त शचि जायसवाल ने 654वीं रैंक हासिल की है।

यूपीएससी परीक्षा में अभिषेक डांगे (रायपुर) ने 452वीं रैंक प्राप्त की है। पूर्वा अग्रवाल (रायपुर) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 65वीं रैंक हासिल की, जो राज्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। मानसी जैन (जगदलपुर) ने 444वीं रैंक के साथ सफलता पाई है। अर्पण चोपड़ा (मुंगेली) ने 313वीं रैंक प्राप्त की है। केशव गर्ग (अंबिकापुर) ने 496वीं रैंक के साथ मेरिट लिस्ट में अपनी जगह बनाई है। जशपुर की रश्मि ने 881वीं रैंक हासिल कर अपने जिले का नाम रोशन किया है।

रायपुर की वैभवी अग्रवाल ने सिविल सर्विस परीक्षा (यूपीएससी) में 35वां रैंक हासिल कर प्रदेश में टॉप किया है। उन्होंने कहा कि फल की इच्छा किए बगैर लगातार तीन साल मेहनत की, जिसका नतीजा आज सबके सामने है।वैभवी ने बताया कि, इसके पहले वह दो बार और परीक्षा दे चुकी है। इंटरव्यू में दो नंबर से पीछे रह गई थी। उन्होंने कहा कि, सोशल मीडिया जैसे यू-ट्यूब समझने के लिए बहुत अच्छा प्लेटफॉर्म है। पढ़ने के लिए सही चयन करना बहुत आवश्यक है। सफलता मेहनत मांगती है और मैं हर रोज कभी पांच तो कभी दस घंटे पढ़ती थी।

मूलतः रायगढ़ रहवासी रौनक अग्रवाल ने यूपीएससी 772वां रैंक प्राप्त किया है। संजय डहरिया ने 946वां रैंक हासिल किया है। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने दोनों अभ्यर्थियों का मॉक इंटरव्यू लिया था । दोनों के चयन की सूचना मिलने पर कलेक्टर डॉ. गौरव उनके घर गए और उन्हें बधाई दी।

यूपीएससी परीक्षा में धमतरी जिले के परसवानी गांव के रहने वाले डीएसपी डायमंड सिंह ध्रुव ने 623वां रैंक लाया है। डायमंड सिंह ध्रुव छत्तीसगढ़ राज्य पुलिस सेवा के 2024 बैच के अधिकारी हैं। पुलिस सेवा ज्वाईन करने के बाद भी यूपीएससी की तैयारी करते रहे।डायमंड ने अपनी प्राथमिक शिक्षा शिशु मंदिर मगरलोड से पूरी की और फिर हाई स्कूल की पढ़ाई रेडियंट पब्लिक स्कूल माना रायपुर से की। डायमंड ने जेएनयू से पढ़ाई की है।

नगर पंचायत जनकपुर की भाजपा पार्षद सीमा सिंह एवं अरूण सिंह राशन दुकान संचालक व किसान की बेटी एमसीबी की दर्शना सिंह ने देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा यूपीएससी (संघ लोक सेवा आयोग) में 283वीं रैंक प्राप्त कर भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के लिए चयनित होकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है।एमसीबी जिले की दर्शना सिंह ने बारहवीं तक की पढ़ाई अपने गांव के स्कूल से की है। उन्होंने गणित विषय लेकर 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की फिर जेईई एग्जाम निकालकर आईआईटी कानपुर में एडमिशन लिया। आईआईटी कानपुर से दर्शना सिंह ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की।बीटेक की डिग्री हासिल करने के बाद यूपीएससी की तैयारी के लिए दिल्ली चली गई। दिल्ली से उन्होंने 1 साल तक के यूपीएससी के लिए कोचिंग किया। सालभर बाद वह कोचिंग के नोट्स को दोहराती रहीं। मुख्य परीक्षा के लिए उन्होंने वैकल्पिक विषय में समाजशास्त्र विषय रखा था। दर्शना सिंह ने कहा कि विषय अपने रुचि के अनुसार वही चयन करना चाहिए जिसमें आपको पूरी रुचि हो और जिसे आप बिना बोर हुए 8 से 10 घंटे तक के लगातार पढ़ सके।

जबकि नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले के भैरमगढ़ निवासी अंकित संकनी ने यूपीएससी 2025 की परीक्षा में सफलता हासिल करते हुए 816वीं रैंक प्राप्त की है।सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने कड़ी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया. अंकित की सफलता से भैरमगढ़ सहित पूरे बीजापुर जिले के युवाओं को प्रेरणा मिली है।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा