Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नागाैर, 06 मार्च (हि.स.)। जिले के मारवाड़ मूंडवा रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार दोपहर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने यात्रियों पर हमला कर दिया। इस घटना से स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। मधुमक्खियों ने कई यात्रियों को डंक मारे, जबकि दो महिला यात्रियों को सैकड़ों मधुमक्खियों ने घेर लिया। काफी देर तक दोनों महिलाएं खुद को बचाने के लिए शॉल और चद्दर ओढ़कर बैठी रहीं।
यात्री ऋषिकेश-बाड़मेर एक्सप्रेस ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों का झुंड स्टेशन पर आ गया और वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। इससे यात्री इधर-उधर भागने लगे और स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मधुमक्खियों के हमले के दौरान एक महिला ने खुद को बचाने के लिए चद्दर ओढ़ ली और काफी देर तक वहीं बैठी रही, लेकिन मधुमक्खियों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। इस दौरान आसपास मौजूद यात्रियों ने उसकी मदद करते हुए एक और चद्दर उसकी तरफ फेंकी, जिसे ओढ़कर उसने किसी तरह खुद को सुरक्षित रखने की कोशिश की।
दूसरी महिला भी शॉल ओढ़कर काफी देर तक वहीं बैठी रही।
घटना की सूचना मिलने पर मूंडवा अस्पताल से 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस कर्मियों ने पीपीई किट पहनकर दोनों महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। मधुमक्खियों के हमले के बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में डर का माहौल बन गया। जिन यात्रियों को यात्रा करनी थी, वे अपने मुंह और शरीर को कपड़े से ढंककर टिकट विंडो तक पहुंचे और टिकट लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित