Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

--परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
हमीरपुर, 06 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के बिवांर थाना क्षेत्र के पारा गांव में शुक्रवार को एक किशोर का शव उसके निजी नलकूप के कच्चे कमरे में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। किशोर गुरुवार शाम से लापता था। उसका शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार पारा गांव निवासी कमल सिंह परिहार का बेटा साहिल उर्फ भोला (14) गुरुवार शाम करीब सात बजे घर से अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने देर रात तक उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। शुक्रवार को जब परिजन खेतों की ओर स्थित नलकूप पर पहुंचे तो कमरे का दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो साहिल का शव फंदे से लटका हुआ था। यह दृश्य देखकर परिजन स्तब्ध रह गए और थोड़ी ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। बताया जा रहा है कि जिस कमरे में शव मिला उसकी ऊंचाई करीब छह फीट है, जबकि साहिल का शव इस तरह लटका था कि उसके घुटने जमीन को छू रहे थे और कमरे का दरवाजा भी खुला हुआ था। इन परिस्थितियों को देखते हुए परिजन आत्महत्या पर संदेह जता रहे हैं।
मृतक के भाई चंदन सिंह ने बताया कि साहिल का शव जिस हालत में मिला है, उसे देखकर आत्महत्या की बात पर विश्वास करना मुश्किल है। उनका कहना है कि परिवार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं है, फिर भी आशंका है कि किसी ने साहिल की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फील्ड यूनिट टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी है। साहिल गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय में कक्षा आठ का छात्र था। थाना प्रभारी नंदराम प्रजापति ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा