Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सुलतानपुर, 06 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के हलियापुर थाना क्षेत्र के गौहनिया में बुधवार को गोमती नदी में छलांग लगाने वाली एक युवती का शव लगभग 60 घंटे बाद शुक्रवार दोपहर कोटवा के पास उतराता हुआ मिला।
हलियापुर थाना क्षेत्र के गौहनिया निवासी मनीषा (20 ) पुत्री रमई निषाद ने बुधवार दोपहर आमघाट पुल से नदी में छलांग लगाई थी। गांव के एक युवक द्वारा रंग लगाने पर उसकी मां ने उसे डांटा था, जिससे आहत होकर मनीषा ने यह कदम उठाया।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने गोताखोरों और एनडीआरएफ टीम की मदद से गुरुवार को दिन भर सर्च अभियान चलाया। हालांकि, मनीषा का शव नहीं मिल पाया था और अभियान जारी रहा।
शुक्रवार दोपहर को युवती मनीषा का शव जनपद अमेठी के भालेसुलतान थाना अंतर्गत गाजनपुर दुवरिया के पास उतराता हुआ दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मनीषा अपने भाई मयंक और दो बहनों अनीषा व निशा में सबसे बड़ी थी। शव मिलने के बाद परिजनों में शोक का माहौल है।
इस संबंध में थाना प्रभारी वंदना अग्रहरि ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त