Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सूरजपुर, 06 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में चल रही योजनाओं के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। सूरजपुर जिले में बिहान स्व-सहायता समूह से जुड़कर एक महिला ने अपने जीवन को नई दिशा दी और आज वह आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार की आर्थिक मजबूती में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
संयुक्त परिवार में रहने वाली चन्दा पहले केवल घरेलू कामकाज तक सीमित थीं और परिवार को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इसी दौरान उन्होंने बिहान स्व-सहायता समूह से जुड़कर नियमित बचत और सामूहिक गतिविधियों के महत्व को समझा। समूह से जुड़ने के बाद उनमें आत्मविश्वास बढ़ा और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली।
समूह से मिली प्रेरणा और सहयोग के बाद चन्दा ने अपने पति के साथ मिलकर किराना दुकान शुरू की। मेहनत और लगन से किए गए इस प्रयास का परिणाम यह हुआ कि अब उन्हें हर महीने लगभग 10 से 15 हजार रुपये की आय होने लगी है, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति में स्पष्ट सुधार आया है।
आज चन्दा न केवल अपने परिवार को आर्थिक रूप से मजबूत बना रही हैं, बल्कि आसपास की महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन गई हैं। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि सही मार्गदर्शन और सामूहिक सहयोग से महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर समाज में नई पहचान बना सकती हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय