Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बलरामपुर, 06 मार्च (हि.स.)।छत्तीसगढ़ खनिज साधन विभाग, मंत्रालय नवा रायपुर की अधिसूचना तथा छत्तीसगढ़ जिला खनिज संस्थान न्यास नियम 2015 के प्रावधानों के तहत प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से प्रभावित ग्रामों और ग्राम पंचायतों में बेसलाइन सर्वे कर पंचवर्षीय परिप्रेक्ष्य योजना तथा वार्षिक योजना तैयार कराने के लिए कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने जिला एवं विकासखंड स्तरीय समितियों का गठन किया है। यह सर्वे जिला खनिज न्यास के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में विकास कार्यों की योजना तैयार करने के उद्देश्य से किया जाएगा।
जिला स्तरीय समिति में अपर कलेक्टर आर.एन. पाण्डेय को अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा वनमण्डलाधिकारी आलोक कुमार वाजपेयी तथा अपर कलेक्टर एवं उप संचालक समाज कल्याण चेतन बोरघरिया को सदस्य नियुक्त किया गया है। समिति में सहायक आयुक्त, जिला रोजगार अधिकारी, कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, उप संचालक कृषि, सहायक संचालक उद्यान, कार्यपालन अभियंता जल संसाधन संभाग बलरामपुर एवं रामानुजगंज, कार्यपालन अभियंता, कार्यपालन अभियंता ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, खनिज अधिकारी, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी तथा सहायक अभियंता क्रेडा को सदस्य बनाया गया है।
जिला स्तरीय समिति शासन और जिला स्तर से प्राप्त दिशा-निर्देशों का अध्ययन कर सर्वे के लिए उपयुक्त प्रारूप तैयार करेगी। इसके साथ ही प्रश्नावली, प्रशिक्षण मॉड्यूल और अन्य आवश्यक सामग्री तैयार कर सर्वेक्षणकर्ताओं एवं संबंधित अधिकारियों को प्रशिक्षण प्रदान करेगी। समिति सर्वे कार्य की नियमित समीक्षा, निगरानी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ प्राप्त आंकड़ों के आधार पर गैप एनालिसिस कर पंचवर्षीय परिप्रेक्ष्य योजना तथा वार्षिक कार्य योजना तैयार कर जिला खनिज न्यास की शासी परिषद के समक्ष अनुमोदन के लिए प्रस्तुत करेगी।
वहीं विकासखंड स्तर पर रामचन्द्रपुर, राजपुर, शंकरगढ़ और कुसमी जनपद पंचायतों में संबंधित जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को अध्यक्ष बनाया गया है। समिति में खण्ड चिकित्सा अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास, अनुविभागीय अधिकारी लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, जल संसाधन, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी तथा बीपीएम एनआरएलएम को सदस्य नियुक्त किया गया है।
विकासखंड स्तरीय समिति जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनरों के सहयोग से कार्यशालाएं आयोजित कर सर्वेक्षण दल का गठन करेगी। सर्वे दल में सरपंच, सचिव, ग्राम सभा के सदस्य, स्व-सहायता समूह की महिला सदस्य तथा अन्य विभागीय कर्मचारी शामिल होंगे। समिति सर्वे की कार्यप्रणाली, डेटा संग्रहण, समस्याओं के समाधान, प्रगति की समीक्षा और आंकड़ों की शुद्धता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी निभाएगी। साथ ही ग्राम पंचायतवार डेटा संग्रह कर पंचवर्षीय परिप्रेक्ष्य योजना और वार्षिक योजना तैयार कर ग्राम सभा से अनुमोदन प्राप्त कराया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 11 से 20 मार्च 2026 तक ग्राम पंचायतों में बेसलाइन सर्वे, गैप का परीक्षण तथा पंचवर्षीय परिप्रेक्ष्य और वार्षिक योजना तैयार कर ग्राम सभा से अनुमोदन लिया जाएगा। 21 मार्च को सर्वे दल द्वारा योजना विकासखंड स्तरीय समिति के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। 21 से 25 मार्च तक विकासखंड स्तरीय समिति द्वारा परीक्षण के बाद 26 मार्च को योजनाएं जिला स्तरीय समिति को भेजी जाएंगी। 26 से 31 मार्च तक जिला स्तरीय समिति द्वारा परीक्षण के उपरांत 1 अप्रैल 2026 को जिला खनिज न्यास की प्रबंधकारिणी समिति के समक्ष अनुमोदन के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा।
सर्वेक्षण दलों के लिए जनपद स्तरीय कार्यशाला 10 मार्च को सुबह 11 बजे जनपद पंचायत कुसमी, शंकरगढ़, राजपुर और रामचन्द्रपुर के सभाकक्ष में आयोजित की जाएगी। इसमें सर्वे से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय