Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पौड़ी गढ़वाल, 06 मार्च (हि.स.)। रामलीला मैदान के पास शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर का उद्घाटन किया गया। इस आरोग्य मंदिर में लोगों को अपने घर के नजदीक ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।
प्रदेश व केंद्र सरकार की संयुक्त पहल के तहत खुले शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी ने किया। उन्होंने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण कदम है जो शहरवासियों को घर के पास ही गुणवत्तापूर्ण और मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में उठाया गया है। बताया कि शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर उत्तराखंड और केंद्र सरकार की संयुक्त पहल का हिस्सा है, जिसके तहत राज्य में कुल 115 ऐसे केंद्र स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। जिसमें पहले से ही 96 से अधिक केंद्र संचालित हो चुके हैं और पौड़ी में यह नया केंद्र गरीब व मध्यम वर्ग के लोगों के लिए वरदान साबित होगा।
बताया गया कि इस आरोग्य केंद्र के तहत लोगों को सामान्य चिकित्सकीय परामर्श, मुफ्त जांच, निशुल्क दवाइयों का वितरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं
टीकाकरण, प्रिवेंटिव हेल्थकेयर और बेसिक स्क्रीनिंग का लाभ मिलेगा। अधिशासी अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि केंद्र में योग्य चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती की गई है, जिससे सुबह से शाम तक निर्बाध सेवाएं प्रदान की जा सकें।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह