पीएम आवास योजना में रिश्वत मांगने का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश
पूर्णिया, 06 मार्च (हि.स.) रौटा थाना क्षेत्र के पंचायत सिरसी पंचायत अंतर्गत ग्राम चिल्हनी वार्ड संख्या 12 और 13 के ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना में रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि आवास योजना का लाभ दिलाने के ना
आवेदन देती महिलाएं


पूर्णिया, 06 मार्च (हि.स.) रौटा थाना क्षेत्र के पंचायत सिरसी पंचायत अंतर्गत ग्राम चिल्हनी वार्ड संख्या 12 और 13 के ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना में रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर आवास सहायक कर्मी नागेंद्र द्वारा पैसों की मांग की जा रही है।

ग्रामीणों के अनुसार आवास सहायक का कहना है कि बिना पैसे दिए किसी का काम नहीं होगा और जहां शिकायत करनी है कर दीजिए, कोई उसका कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा। इस आरोप के बाद इलाके के लाभुकों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है।

लाभुक नेनसरी बेगम, साहिदा, आसफा खातुन, जीनत खातून, मसेहा बेगम, सहबीना और महाजबी सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि आवास स्वीकृति और किस्त जारी कराने के बदले पैसे मांगे जा रहे हैं। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पर कार्रवाई की मांग की है।

इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी राजकुमार चौधरी ने बताया कि मामले को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ है और इसकी छानबीन की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह