Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

भोपाल, 06 मार्च (हि.स.)। भोपाल नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने शुक्रवार को कई इलाकों में अभियान चलाकर अवैध अतिक्रमणों को हटाया और बड़ी मात्रा में सामान जब्त किया।
नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर निगम के दलों ने कोलार कान्हा कुंज, परफेक्ट प्लाजा, 80 फीट बांसखेड़ी, आलोक धाम, डीमार्ट, जे.के. रोड, सिग्नेचर-99, सर्वधर्म पुलिया, चूना भट्टी थाना क्षेत्र, कलियासोत डेम, 12 नंबर, शाहपुरा, कैंपियन स्कूल, 1100 क्वार्टर, भारत माता चौराहा, पीएनटी, रातीबड़, जवाहर चौक, सरस्वती नगर, टीटी नगर थाना, न्यू मार्केट, एमपी नगर जोन-02, एम्स, साकेत नगर, रचना टावर, प्रभात चौराहा, रायसेन रोड, अप्सरा टॉकीज, अवधपुरी, वर्धमान ग्रीन वेली कॉलोनी, सुभाष नगर फाटक, अशोका गार्डन, जहांगीराबाद, हमीदिया रोड, रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर-6, टीला जमालपुरा, आरिफ नगर, बैरसिया रोड, नवीबाग और लालघाटी विजय नगर ब्रिज के नीचे सहित कई स्थानों पर कार्रवाई की।
अभियान के दौरान नवीबाग और वसुंधरा कॉलोनी में अवैध रूप से बनाए गए एक-एक चबूतरे को हटाया गया। वहीं कोलार कान्हा कुंज झुग्गी बस्ती में बनी अवैध पानी की टंकी और ग्रीन वेली कॉलोनी में बनाई गई ईंटों की क्यारी को भी तोड़ा गया।
निगम अमले ने अप्सरा टॉकीज क्षेत्र से दो गन्ने की चरखी, रायसेन रोड अप्सरा टॉकीज से चार तथा बाफना कॉलोनी से एक गन्ना चरखी हटवाई। इसके अलावा एमपी नगर जोन-02 से सर्विस रोड पर खड़े सात चारपहिया वाहनों को भी हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान फुटपाथों पर लगी चप्पल, सब्जी और बैग की दुकानें, दुकानों के बाहर रखा सामान, गन्ने की चरखी, ठेले, गुमठियां, काउंटर, पान पार्लर, बोर्ड, स्टूल और कुर्सियां भी हटाई गईं। साथ ही एक लोहे का जीना, आठ ठेले, दो पान पार्लर, एक काउंटर, सात टेबल, दो बेंच और स्टूल सहित अन्य सामान जब्त किया गया।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा